चालू सीजन में कपास का उत्पादन घटकर 301.75 लाख गांठ होने का अनुमान
कपास उद्योग ने चालू फसल सीजन 2024-25 में उत्पादन अनुमान में 2.50 लाख गांठ की कमी की है। पहले अनुमानित 304.25 लाख गांठ के मुकाबले अब 301.75 लाख गांठ (1 गांठ = 170 किलो कपास) उत्पादन का अनुमान है। पिछले फसल सीजन 2023-24 में देश में 325.29 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था। कपास एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएआई) के अनुसार, उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में पहले के अनुमान से 2.50 लाख गांठ कम उत्पादन होने की उम्मीद है। वहीं, गुजरात में 5 लाख गांठ कम उत्पादन का अनुमान है, जबकि तेलंगाना में 5 लाख गांठ अधिक उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। पंजाब में 2024-25 सीजन में 1.50 लाख गांठ, हरियाणा में 8.30 लाख गांठ, राजस्थान (अपर और लोअर) में 18.20 लाख गांठ, और मध्य भारत के गुजरात में 75 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 90 लाख गांठ और मध्य प्रदेश में 19 लाख गांठ उत्पादन का अनुमान है। दक्षिण भारत में तेलंगाना में 47 लाख गांठ, आंध्र प्रदेश में 11 लाख गांठ, कर्नाटक में 23 लाख गांठ और तमिलनाडु में 4 लाख गांठ उत्पादन का अनुमान है। ओडिशा और अन्य राज्यों में 2.75 लाख गांठ और 2 लाख गांठ का उत्पादन अनुमानित है। सीएआई के अनुसार, 1 अक्टूबर 2024 तक कपास का बकाया स्टॉक 30.19 लाख गांठ था। चालू सीजन में लगभग 26 लाख गांठ कपास का आयात होने की संभावना है, जिससे कुल उपलब्धता 357.94 लाख गांठ होगी। इस दौरान घरेलू खपत 315 लाख गांठ रहने का अनुमान है, और 17 लाख गांठ के निर्यात की उम्मीद है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कपास की बुआई 14 लाख हेक्टेयर घटकर 112.90 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल यह 126.90 लाख हेक्टेयर में हुई थी। पहले आरंभिक अनुमान के अनुसार, कपास का उत्पादन 299.26 लाख गांठ रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के 325.22 लाख गांठ के मुकाबले कम है।