एमएसपी पर गेहूं खरीदी 297 लाख टन पार, 2021-22 के बाद सबसे अधिक

केंद्र सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2025-26 (अप्रैल से जून) के दौरान अब तक 297 लाख टन गेहूं की खरीद की है। यह 2021-22 के बाद की सबसे बड़ी खरीदी है, जिसे खाद्य निगम (FCI) के आंकड़ों ने पुष्टि की है। इस साल अब तक की गेहूं खरीद पिछले साल की तुलना में 13.5% अधिक रही है। गेहूं खरीद अधिकांश प्रमुख उत्पादक राज्यों में लगभग पूरी हो चुकी है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे पांच प्रमुख राज्यों में इस बार पिछले साल से अधिक गेहूं खरीदा गया है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि रिकॉर्ड उत्पादन के चलते इस साल गेहूं की कुल खरीद 320 से 325 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है। सरकार ने इस साल के लिए 312 लाख टन का लक्ष्य निर्धारित किया था, जो लगभग पूरा होता दिख रहा है। पिछले साल (2024-25) कुल खरीद 265.9 लाख टन रही थी। अब तक एमएसपी के तहत लगभग 62,346 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिससे 22.7 लाख किसानों को लाभ पहुंचा है। इसके अलावा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वर्ष 2024-25 में भारत का कुल खाद्यान्न उत्पादन 10.6 मिलियन टन बढ़कर 1663.91 लाख टन तक पहुंच गया है, जो पिछले साल (1557.6 लाख टन) की तुलना में 6.83% की वृद्धि है। रबी फसल उत्पादन भी बढ़कर 1645.27 लाख टन हो गया है, जो 2023-24 में 1600.06 लाख टन था।

Insert title here