मानसून अपडेट: बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव हुआ मजबूत, 2 अगस्त तक उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भारी बारिश के आसार

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र तेज होकर गहरे दबाव (Deep Depression) में बदल गया है। यह प्रणाली 27 जुलाई की दोपहर तक बालासोर और कैनिंग के बीच पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट को पार कर सकती है, जिससे पूर्वी, मध्य और उत्तरी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, उत्तरी मध्य उत्तर प्रदेश और पूर्वी-मध्य अरब सागर के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव तक एक ट्रफ भी फैली हुई है, जिससे नमी की आपूर्ति लगातार बनी रहेगी और बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। उत्तर भारत में 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच मानसून काफी सक्रिय रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 29 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मध्य भारत में भी बारिश का मजबूत दौर जारी रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होगी। इन क्षेत्रों में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। दक्षिण भारत में भी मानसून का प्रभाव बना रहेगा। तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में लगातार अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के लिए आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

Insert title here